आज दिनांक 21,7,18 को पटना जिले के फतुहा में जन अधिकार पार्टी (लो) के तत्वावधान में न्याय मांग सभा का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस सभा को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव जी ने स्कूली छात्र अभिमन्यु के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। अभिमन्यु की हत्या शिक्षा माफिया के दुसाहस का परिणाम है। अभिमन्यु की हत्या के आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इनकी गिरफ्तारी तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। बिहार के स्कूलों में छात्र-छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न और अपराध की घटनाओं इजाफा हो रहा है। आरोपी स्कूल संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं होती है।उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ भी यौन उत्पीड़न और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। अल्पावास गृह में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यहां रहने वाली महिलाएं भी यौन शोषण की शिकार हैं। जन अधिकार पार्टी (लो) ऐसी सभी घटनाओं की निंदा करती है। ऐसी महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है और आंदोलन कर रही है। सांसद पप्पू यादव ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिये जाने की मांग की चर्चा करते हुए कहा कि विशेष राज्य के दर्जा के बिना सर्वांगिक विकास संभव नहीं है। बिहार केंद्र की उपेक्षा का शिकार रहा है। अब केंद्र और राज्य सरकार दोनों जगह पर एनडीए की सरकार है। इसलिए विशेष राज्य का दर्जा मिलने में विलंब नहीं होना चाहिए।