मुजफ्फरपुर। शेल्टर होम मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के पॉस्को कोर्ट में पेशी के दौरान उसके चेहरे पर जाप की प्रिया राज ने कालिख पोत दी। जानकारी के मुताबिक कालिख पोतकर भागने वाली महिला जाप कार्यकर्ता है। इसे मामले में पुलिस ने एक अन्य महिला को हिरासत में लिया है।
बता दें कि बुधवार को मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया। इस दौरान वहां पहुंची भीड़ में काफी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का गुस्सा देख पुलिस ने सिक्योरिटी बढ़ा दी है। कोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
जाप कार्यकर्ताओं ने कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया है। साथ ही प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कई कार्यकर्ता कोर्ट के गेट के पास बैठकर नारेबाजी करने लगे। इसके अलावा ब्रजेश ठाकुर को फांसी देने की मांग करने लगे। बता दें कि पेशी से पहले ब्रजेश ठाकुर ने कहा कि एक भी लड़की ने उसके खिलाफ नहीं बोला है। उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है।